मोदी ने पूछा- कांग्रेस कितनी MLC सीटें जीतीं:चुनाव बैलेट पेपर से कराया; कांग्रेस अपनी चारों सीटें हारी, 4 राज्यों की 28 सीटों के रिजल्ट
MLC चुनावों के रिजल्ट पर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, ‘4 बड़े राज्यों- उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में 28 सीटों पर MLC चुनाव हुए। चुनाव बैलट पेपर से हुए। अंदाजा लगाइए कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं।’ दरअसल, पहले इन 28 सीटों में से कांग्रेस के पास 4 सीटें थीं। पार्टी इन चुनावों में एक भी सीट नहीं जीत पाई है। भाजपा को 10, जेडीयू-जेडीएस को एक-एक सीट पर जीत मिली है। दरअसल, विपक्ष SIR के विरोध के दौरान लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी EVM की जगह बैलट पेपर से कराने की मांग करता रहा है। यूपी: गोरखपुर में भाजपा को निर्दलीय प्रत्याशी से टक्कर यूपी में गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी की बढ़त लगातार कम हो रही है। निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं। आगरा में फूट-फूट कर रोते हुए इस्लाम धर्म कबूलने की धमकी देने वाले सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल जीत गए हैं। शिक्षक सीट पर उन्होंने भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को हराया। आगरा की स्नातक सीट पर भाजपा के मानवेंद्र प्रताप सिंह और झांसी स्नातक सीट पर सपा के डॉ. मान सिंह यादव ने जीत का दावा किया है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: भाजपा 30 साल बाद पटना टीचर सीट हारी, RJD जीती बिहार विधान परिषद की 8 सीटों में से 4 शिक्षक निर्वाचन सीट का रिजल्ट आ चुका है। पटना शिक्षक सीट पर 30 साल बाद बीजेपी की हार हुई है। नवल किशोर को राजद के डॉ. संजीव ने 1057 वोटों से मात दी है। वहीं तिरहुत शिक्षक सीट से बीजेपी के नरेन्द्र सिंह 600 वोटों से जीते। सारण शिक्षक सीट से बीजेपी के बागी और निर्दलीय राहुल राज ने 1815 वोट से जीत दर्ज की है। दरभंगा में जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की है। तिरहुत स्नातक सीट से वंशीधर लगातार आगे चल रहे हैं। पूरी खबर पढे़ंं… कर्नाटक- कांग्रेस हारी, विपक्ष ने चारों सीटें जीतीं कर्नाटक में MLC की चार सीटों पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। विपक्षी जनता दल (सेक्युलर) यानी जेडीएस ने कांग्रेस से एक सीट छीन ली, जबकि उसकी सहयोगी भाजपा ने अपनी तीनों सीटें बरकरार रखीं। बेंगलुरु शिक्षक सीट पर भाजपा के समर्थन से चुनाव लड़ रहे जेडीएस उम्मीदवार एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी पुट्टन्ना को 908 वोटों से हराया। पुट्टन्ना को 9,902 वोट मिले, जबकि रंगनाथ को 10,810 वोट मिले। उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट पर भाजपा के मौजूदा एमएलसी शशिल जी. नामोशी ने कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर को हराया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नामोशी ने इस सीट पर लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की है। नामोशी को 15,596 वोट मिले, जबकि मत्तूर को 12,299 वोट मिले। नामोशी ने 3,297 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। भाजपा बोली- कांग्रेस को जनता का समर्थन नहीं मिला भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि MLC चुनाव के नतीजों से पता चलता है कि कांग्रेस को जनता का समर्थन नहीं मिला। ये चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर और बैलेट बॉक्स से कराए गए थे। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला। उनके मुताबिक, कांग्रेस वोट चोरी के आरोप लगाकर अपने चुनावी प्रदर्शन से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।
Comments
Post a Comment