भास्कर अपडेट्स:दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में वेल्डिंग के दौरान आग लगी, 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, कोई हताहत नहीं

दिल्ली में नॉर्थ ब्लॉक की छत पर लगे AC बॉयलर में आग लग गई। घटना के बाद आसमान में काला धुआं उठता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पा लिया गया है। दिल्ली अग्निशमन विभाग के मुताबिक, घटना के समय वहां वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे AC बॉयलर में आग लग गई। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी गई है। सांसद मिलिंद देवड़ा ने बताया कि संसद जाते समय उन्हें नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से धुआं उठता दिखाई दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आग लगने की आशंका जताई और उम्मीद जताई कि सभी सुरक्षित होंगे तथा आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच रही होंगी। आज की अन्य बड़ी खबरें… तेलंगाना के फार्महाउस में 21 साल के इंजीनियरिंग छात्र की मौत; जन्मदिन मनाने गया था तेलंगाना के लिवेन में एक फार्महाउस में 21 साल के इंजीनियरिंग छात्र की मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने गया था। पार्टी के बाद सभी दोस्त फार्महाउस में ही सो गए। कल सुबह छात्र मृत मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। छात्र के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले। पुलिस को आशंका है कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई हो सकती है। मौत की असली वजह जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। 500 करोड़ के वायरल ऑडियो विवाद में ED जांच की मांग, संजय राउत ने अमित शाह को लिखा पत्र शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण आंदोलन को खत्म कराने के लिए एक्टिविस्ट मनोज जरांगे पाटिल को 500 करोड़ रुपये देने की कथित कोशिश के मामले में ED जांच की मांग की है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। इस विवाद में शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे और उनके पिता एकनाथ शिंदे का नाम सामने आया है। राउत ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और पैसा कहां गया। मनोज जरांगे पाटिल ने भी मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने की अपील की। जरांगे का आरोप है कि मराठा आंदोलन को बदनाम करने और बंद कराने की साजिश की जा रही है। वहीं, इन आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। दिल्ली में निर्माणाधीन मकान की स्लैब गिरने से 2 की मौत दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में रविवार को एक निर्माणाधीन मकान की स्लैब गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची टीम ने सोमवार सुबह दोनों के शव बरामद किए। अरुणाचल के पासीघाट भेजे गए आरएएफ के 250 जवान, बांध के विरोध में हो रही है हिंसा अरुणाचल में प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की सियांग अपर मल्टीपर्पज परियोजना के विरोध में हिंसा के बाद रविवार को भी हालात तनावपूर्ण बने रहे। पासीघाट को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। केंद्र ने सुरक्षा के लिए आरएएफ की 2 कंपनियां भेजी हैं। इनमें 250 जवान हैं। इन्हे भारतीय वायुसेना के एयरक्राफ्ट के जरिए अरुणाचल पहुंचाया गया है। इस बीच, पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। 40 से ज्यादा जवान भी घायल हुए हैं। असम में बिहू कलाकारों पर हमला करने के मामले में 13 लोग गिरफ्तार असम के श्रीभूमि जिले में बिहू कलाकारों के एक दल पर हमला करने के मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। शुक्रवार को श्रीभूमि जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान यह घटना हुई थी। आरोप है कि कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए बुलाए गए बिहू कलाकारों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह झगड़ा बराक वैली में असमिया गाने बजाने के खिलाफ हुआ था। इस दौरान कलाकारों के कई सदस्य घायल हो गए और उनके संगीत वाद्ययंत्रों को भी नुकसान पहुंचाया गया था। मणिपुर के कैंप से 150 कुकी उग्रवादी लापता; गृह मंत्रालय को दी गई जानकारी मणिपुर के कांगपोक्पी में समझौते के तहत बने सिनाई कैंप से 150 कुकी उग्रवादी लापता हो गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने गृह मंत्रालय को इसकी जानकारी दी है। कैंप की जांच में सिर्फ एक पंजीकृत उग्रवादी मिला, जबकि वहां मौजूद 17 अन्य लोगों की पहचान रिकॉर्ड से मेल नहीं खाई। लापता उग्रवादियों को गिरफ्तार कर 24 हथियार जब्त किए गए थे। यह कार्रवाई तीन मैतेई नागरिकों की हत्या के बाद हुई थी।

Comments


Popular posts from this blog

गैस की किल्लत, ₹900 वाला सिलेंडर ₹1800 में मिल रहा:कॉमर्शियल के ₹4 हजार वसूले जा रहे; इंडक्शन की डिमांड 50% बढ़ी

दिल्ली दंगा- पूर्व AAP पार्षद ताहिर समेत 5 को उम्रकैद:IB अफसर की हत्या के दोषी; कोर्ट बोला- घटना गंभीर, इसने समाज को झकझोर दिया

जलदाय विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही मनमानी हठधर्मिता से जल का दुरुपयोग हो रहा है