सेना की रिपोर्ट- LAC पर चीन ने सैनिक घटाए:2025 में 12 पाकिस्तानी आतंकी मारे गए; LoC पर सीजफायर उल्लंघन 2 से बढ़कर 163 हुए
भारतीय सेना ने 2025-26 की अपनी सालाना रिपोर्ट में बताया है कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने LAC पर सैनिकों की संख्या घटाई है। LAC और चीन के मिलिट्री ट्रेनिंग सेंटर में अब करीब 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड के आकार की सैन्य टुकड़ियां तैनात हैं। एक ब्रिगेड में करीब 3 हजार सैनिक होते हैं। कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड में पैदल गस्त करने वाली सेना, टैंक, तोपखाना और एयर डिफेंस जैसी अलग-अलग सैन्य क्षमताएं शामिल होती हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि LAC के सभी सेक्टरों में भारतीय सेना की तैनाती मजबूत है और वह किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। रिपोर्ट में जम्मू-कश्मीर के हालात में भी सुधार बताया गया है। यहां 2025 में पत्थरबाजी की एक भी घटना नहीं हुई। हालांकि, LoC पर सीजफायर उल्लंघन बढ़े। 2024 की तुलना में 2025 में सीजफायर के मामले 2 से बढ़कर 163 हो गए। वहीं 12 पाकिस्तानी आतंकी ढेर हुए। भारत-चीन के बीच सैन्य बातचीत फिर शुरू हुई रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में भारत और चीन के बीच सैन्य बातचीत फिर शुरू हुई। मार्च और जुलाई में WMCC की 33वीं और 34वीं बैठक हुई। सीमा विवाद को सुलझाने के लिए विशेष प्रतिनिधियों की बातचीत भी दिसंबर 2024 और अगस्त 2025 में हुई। अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन गए और तियानजिन में SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इसके बाद 25-26 अक्टूबर को पूर्वी लद्दाख में 23वीं कोर कमांडर स्तर की बैठक हुई। सीमा पर दोनों देशों के सैनिकों के बीच बॉर्डर पर्सनल मीटिंग भी चलती रहीं। सेना ने बताया कि इन बैठकों में माहौल शांतिपूर्ण रहा और आपसी विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की गई। जम्मू-कश्मीर में हिंसा कम, स्थानीय युवाओं की भर्ती में भी गिरावट रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति सेना के लगातार प्रयासों से कंट्रोल में रही। हिंसा का स्तर और विरोध-प्रदर्शन कम हुए। सेना ने बताया कि 2025 में सिर्फ एक स्थानीय युवक आतंकी संगठनों में शामिल हुआ। इससे पाकिस्तान के उस दावे को झटका लगा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद स्थानीय स्तर पर पैदा हो रहा है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि जम्मू-कश्मीर के लोग सरकार और सेना की विकास योजनाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। ड्रोन के जरिए हथियार और नशे की तस्करी रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षाबलों ने 2025 में 2 AK-47 राइफल, 75 पिस्टल और 281.41 किलो नशीला सामान बरामद किया। सेना के मुताबिक, यह सामान ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजा गया था। खासकर पंजाब में ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी पश्चिमी सीमा के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद LoC पर हालात स्थिर हुए सेना के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जम्मू-कश्मीर और LoC पर स्थिति में बड़ा बदलाव आया। इसके बाद 10 और 12 मई 2025 को भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) के बीच बातचीत हुई। इन बातचीत के बाद LoC पर स्थिति काफी हद तक स्थिर हुई। हालांकि, सेना ने साफ कहा कि सीमा पर अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद सेना ने अपनी कमियों की समीक्षा की रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर को भारतीय सेना की एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई करने की क्षमता, खुफिया मजबूती, आधुनिक तकनीक और तीनों सेनाओं के तालमेल का प्रदर्शन बताया गया है। ऑपरेशन के बाद सेना ने अपनी सैन्य क्षमता में मौजूद कमियों की समीक्षा की। इसके तहत बलों के पुनर्गठन, तीनों सेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाने और नई तकनीक को शामिल करने पर जोर दिया गया। ------------------------------ यह खबर भी पढ़ें… मोदी–जिनपिंग बोले- मतभेद विवाद में न बदलें:आपसी संबंध लंबे चले; गलवान झड़प के बाद चीन से इम्पोर्ट दोगुना हुआ पीएम मोदी ने दिल्ली में BRICS समिट से अलग चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से द्विपक्षीय बैठक की। यह मीटिंग करीब 50 मिनट चली। मोदी और जिनपिंग ने इस बात पर भी सहमति जताई कि मतभेदों को विवाद नहीं बनने देना चाहिए और संबंध लंबे चलने चाहिए। पूरी खबर पढ़ें…
Comments
Post a Comment