तेलंगाना CM बोले- राम अमीरों और शिव गरीबों के भगवान:भाजपा ने राम को चुराया, इसलिए कांग्रेस दक्षिण में सफल और उत्तर भारत में पिछड़ी
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कहा कि शिव गरीबों और राम अमीरों के भगवान हैं। उन्होंने भाजपा को अमीरों की पार्टी भी बताया। कहा कि भाजपा ने भगवान राम को अपने राजनीतिक नैरेटिव से जोड़ लिया है। भाजपा ने राम को चुरा लिया है। सोमवार को दिल्ली में एक मीडिया सम्मेलन के दौरान उनसे पूछा गया कि कांग्रेस दक्षिण भारत में मजबूत है, लेकिन उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत में उसका प्रदर्शन उतना अच्छा क्यों नहीं रहा। रेवंत ने इसकी वजह धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव बताई। उन्होंने कहा कि हम द्रविड़ हैं, जबकि उत्तर भारत के लोग आर्य हैं। हम शिव के भक्त हैं और आर्य भगवान राम के भक्त हैं। केंद्रीय मंत्री बोले- रेड्डी भगवान को नहीं बांटें रेवंत रेड्डी के बयान पर केंद्रीय राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि रेड्डी पहले “मुस्लिम कांग्रेस है, कांग्रेस मुस्लिम है” कह चुके हैं। अब वे भगवान राम और भगवान शिव के बीच राजनीतिक सीमाएं खींच रहे हैं। कुमार ने कहा- तेलंगाना के सीएम के तौर पर रेवंत रेड्डी को बेहतर पता होना चाहिए। तेलंगाना में वेमुलावाड़ा में दक्षिण काशी और भद्राचलम में दक्षिण अयोध्या है। उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी को भगवान राम और भगवान शिव को उत्तर और दक्षिण में नहीं बांटना चाहिए। पीएम मोदी लोकसभा में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके मुताबिक, काशी विश्वनाथ वाराणसी के आध्यात्मिक केंद्र में स्थित है। SIR के खिलाफ आंदोलन करेंगे रेवंत रेड्डी ने कहा कि SIR के खिलाफ देशभर में ‘साइमन गो बैक’ आंदोलन जैसा विरोध किया जाएगा। उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं से इस मुद्दे पर एकजुट होने की अपील की और ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे व एमके स्टालिन का नाम लिया। रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया कि SIR का मकसद वोटरों के नाम हटाकर BJP को फायदा पहुंचाना है। उन्होंने केंद्र सरकार के डिफेंस, होम और कॉमर्स जैसे अहम मंत्रालय उत्तर भारत के नेताओं के पास होने का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने अपनी सरकार के शिक्षा पर फोकस की बात करते हुए यंग इंडिया स्किल्स यूनिवर्सिटी का भी जिक्र किया। 16 अगस्त: रेड्डी ने कहा- BRS ने सरकार गिराने के लिए तंत्र-मंत्र कराया, कर्नाटक-तमिलनाडु के मंदिरों में जाकर पूजा कर रहे रेड्डी ने भारतीय राष्ट्र समिति (BRS) नेताओं पर कांग्रेस सरकार को बदनाम करने के लिए कर्नाटक और तमिलनाडु के मंदिरों में जाकर तंत्र-मंत्र कराने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि नेताओं ने राज्य में सूखा, किसानों की परेशानी और कांग्रेस सरकार के गिरने की प्रार्थना की। ---------------------------------------- ये खबर भी पढ़ें… बेटी के बयान के बाद तेलंगाना की मंत्री बर्खास्त, CM रेड्डी पर ₹200 करोड़ की जमीन उगाही का आरोप लगाया था तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने राज्य मंत्री कोंडा सुरेखा को मंत्रिपरिषद से हटा दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरेखा की बेटी सुष्मिता पटेल ने सीएम समेत कई कांग्रेसी नेताओं पर ₹200 करोड़ की जमीन उगाही का आरोप लगाया था। पूरी खबर पढ़ें…
Comments
Post a Comment