दिल्ली-दुबई स्पाइसजेट की 2 फ्लाइट 24 घंटे लेट:यात्रियों ने चोर-चोर के नारे लगाए, एयरलाइन का समय पर उड़ान का रिकॉर्ड सबसे खराब
स्पाइसजेट की दिल्ली से दुबई जाने वाली दो फ्लाइट 24 घंटे से ज्यादा लेट हो गईं। देरी से परेशान करीब 200 यात्रियों ने मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के अंदर जमीन पर बैठकर प्रदर्शन किया। एयरलाइन चोर है के नारे लगाए। यात्री सोमवार से अपने फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। हालांकि, बिना कोई स्पष्ट कारण बताए दोनों फ्लाइट का शेड्यूल बार-बार बदला गया। दोनों फ्लाइट मंगलवार दोपहर तक उड़ान नहीं भर सकीं। इनमें पहली फ्लाइट, SG 5111 को सोमवार सुबह 8:30 बजे दिल्ली से उड़ना था और 11:15 बजे दुबई पहुंचना था। वहीं, SG 5105 को रात 10:10 बजे उड़ान भरनी थी और 12:55 बजे दुबई पहुंचना था। समय पर उड़ान के मामले में स्पाइसजेट के इस साल का रिकॉर्ड बाकी सभी बड़ी एयरलाइंस के मुकाबले खराब रहा है। जुलाई में स्पाइसजेट की सिर्फ 34.5% फ्लाइट ऑन टाइम थीं। स्पाइसजेट बोली- एक विमान ग्राउंडेड होने से बढ़ी परेशानी स्पाइसजेट के मुताबिक, एक विमान ग्राउंडेड होने के बाद ऑपरेशनल कारणों से दोनों फ्लाइट में देरी हुई। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजने की व्यवस्था शुरू की है। फ्लाइट ग्राउंडेड होने का मतलब है कि विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया है। ऐसा आमतौर पर तकनीकी खराबी, सुरक्षा कारणों या किसी आधिकारिक आदेश की वजह से होता है। एयरलाइन ने घटना को लेकर यात्रियों से माफी मांगी। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि पैसेंजर्स को जल्द से जल्द दूसरी फ्लाइठ से दुबई पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। स्पाइसजेट के ऑपरेशन पर DGCA की नजर स्पाइसजेट हाल के समय में कई दूसरी चुनौतियों से गुजर रही है। जुलाई में एयरलाइन की घरेलू बाजार हिस्सेदारी 1.6% रही, जबकि जून में यह 1.9% थी। यानी एक महीने में बाजार हिस्सेदारी 0.3 प्रतिशत अंक घट गई। एयरलाइन ने 1.87 लाख यात्रियों को सफर कराया। वहीं इंडिगो की हिस्सेदारी 67.4%, एयर इंडिया ग्रुप की 24% और अकासा एयर की 5.5% रही। पिछले हफ्ते नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा था कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA एयरलाइन की वित्तीय स्थिति और ऑपरेशन पर करीबी नजर रख रहे हैं। ----------------------------------- यह खबर भी पढ़ें… 3 इटालियन नागरिक बिना इमिग्रेशन जांच के दिल्ली से निकले:एअर इंडिया के सिस्टम में चूक का दावा, सरकार ने 7 दिन में जवाब मांगा तीन इटालियन नागरिक बिना इमिग्रेशन जांच के दिल्ली से म्यूनिख चले गए। उन्होंने 4 सितंबर की सुबह लुफ्थांसा की फ्लाइट LH-763 से उड़ान भरी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस मामले में सोमवार को एअर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एयरलाइन से सात दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। पूरी खबर पढ़ें…
Comments
Post a Comment