जम्मू के उधमपुर में सड़क हादसा, 21 की मौत:यात्री बोले- तेज रफ्तार बस का टायर फटा, ड्राइवर कंट्रोल नहीं कर सका; 100 मीटर नीचे गिरी
जम्मू के उधमपुर में सोमवार सुबह एक बस हादसे का शिकार हो गई। रामनगर से आ रही बस कगोत के पास सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गिरकर पलट गई। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। बस में 50 यात्री सवार थे, जिनमें से ज्यादातर लोग रामनगर से उधमपुर में अपने रोजाना के काम पर जा रहे थे। 15 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाकी 6 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों के मुताबिक बस ओवरलोड थी, रफ्तार भी तेज थी। कगोत नाले के पास अचानक बस का टायर फट गया। इससे ड्राइवर उसे कंट्रोल नहीं कर सका। और बस सड़क से नीचे गिर गई। हादसे में बस का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट पर बताया कि हादसे का शिकार हुई बस पब्लिक ट्रांसपोर्ट की थी। घायलों का इलाज GMC ऊधमपुर में किया जा रहा है। इधर, पीएम मोदी ने हादसे में मरने वाले लोगों के लिए संवेदना जताई और मृतकों के परिवार को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार के मुआवजे का ऐलान किया है। हादसे की 4 तस्वीरें… यात्री बोले- बस तेज रफ्तार में थी, टायर फटने से कंट्रोल छूटा हादसे वाली जगह पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे की वजह बस का ओवरलोड और तेज रफ्तार होना था। घायल यात्रियों से पूछा गया तो वे बोले कि ड्राइवर बहुत तेज बस चला रहा था। बस का टायर फटने से वह स्पीड कंट्रोल नहीं कर सका। जिसके कारण वह करीब 100 मीटर की ऊंचाई से गिर गई। बस की चपेट में ऑटो भी आया बस नीचे सड़क पर उलटी गिरने से पहले एक ऑटो-रिक्शा को कुचलती हुई गई। अधिकारियों ने बताया कि ऑटो-रिक्शा में सवार लोगों को चोटें आईं, लेकिन वे बच गए। हादसे के बाद उसी रास्ते से गुजर रहे सेना के एक काफिले ने बचाव अभियान की कमान संभाली। बाद में एक हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से गाड़ी को सीधा किया गया। ---------------------------- ये खबर भी पढ़ें… जम्मू में सेना की गाड़ी 400-फीट गहरी खाई में गिरी, 10 जवानों की जान गई, 11 घायल; बर्फ के कारण फिसली थी गाड़ी इससे पहले जनवरी में जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को सेना की गाड़ी 400 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। जिसमें 10 जवानों की मौत हो गई थी, जबकि 11 को एयरलिफ्ट कर उधमपुर मिलिट्री हॉस्पिटल भेजा गया था। हादसा भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास हुआ। डोडा के डिप्टी कमिश्नर हरविंदर सिंह ने बताया कि सड़क पर बर्फ होने की वजह से ड्राइवर ने गाड़ी से कंट्रोल खो दिया। पढ़ें पूरी खबर…
Comments
Post a Comment