कांग्रेस में थम नहीं रहा विरोध का सिलसिला, वरिष्ठ नेताओं के समर्थन में नाराजगी
जयपुर ! विधानसभा चुनावों में टिकट वितरण को लेकर उपजे विरोध के बाद कांग्रेस में लगातार अब तक किसी न किसी कारण से समर्थकों में नाराजगी बनी हुई है. पार्टी में पहले जहां टिकट वितरण को लेकर नाराज कार्यकर्ता सड़कों पर आए थे तो अब अपने वरिष्ठ नेताओं को मंत्रिमंडल से बाहर रखने पर उनके समर्थकों पर नाराजगी बनी हुई है.
मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करने पर सबसे पहले भरतपुर के कामां से विधायक जाहिदा खान के समर्थकों ने अपनी नाराजगी जताई थी. उन्होंने अपनी नाराजगी खुलेआम सड़कों पर प्रदर्शन कर दिखाई थी. उसके बाद विरोध प्रदर्शन का सिलसिला चल पड़ा था. यह सिलसिला अभी तक थमा नहीं है. अब पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री नाथद्वारा विधायक डॉ. सीपी जोशी और सरदारशहर से विधायक पंडित भंवरलाल शर्मा के समर्थकों ने नाराजगी जताई है. नाथद्वारा में वर्षों से दो धडों में बंटी कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर एक जाजम पर आ गई है. समर्थकों ने डॉ. जोशी को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करने पर अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश तक कर डाली.
शर्मा को मंत्री बनाने की मांग
वहीं चूरू के सरदारशहर से सातवीं बार विधायक बने पंडित भंवरलाल शर्मा को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करने पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के अलावा विप्रजनों में भारी रोष है. यहां समर्थकों ने शर्मा को मंत्री बनाने की मांग करते हुए पार्टी को चेतावनी भी दी है. समर्थकों ने एकस्वर में कहा कि अगर उनकी मांग पर विचार नहीं किया तो आने वाले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को बहुत ही बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है.
Comments
Post a Comment