दूषित पानी से 5 माह के बच्चे की मौत:इंदौर में अब तक 9 लोगों की गई जान, हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से मांगी स्टेटस रिपोर्ट

देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से अब तक 9 मौत हो चुकी हैं। बुधवार को पांच माह के अव्यान साहू समेत 4 लोगों ने दम तोड़ा। मासूम की मां का कहना है कि सरकार बच्चों की मौत क्यों नहीं बताती। निश्चित तौर पर और भी बच्चे दूषित पानी का शिकार हुए होंगे। परिजन के मुताबिक, 5 माह के अव्यान को बाहरी दूध पिलाया जाता था। इसमें पानी मिला होता था। बुधवार को अव्यान साहू समेत जिन लोगों की जान गई, उनमें गोमती रावत (50), उमा कोरी (31) और संतोष बिगोलिया शामिल हैं। दोनों महिलाएं भाऊ गली, भागीरथपुरा की रहने वाली थीं। इससे पहले मंगलवार को नंदलाल पाल (75), उर्मिला यादव (69), उमा कोरी (31), मंजुला पति दिगंबर (74) और सीमा प्रजापत (50) की मौत की जानकारी सामने आई थी। मामले में हाई कोर्ट की इंदौर बेंच ने प्रदेश सरकार से 2 जनवरी तक स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। इंदौर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रितेश इंसानी ने बुधवार सुबह जनहित याचिका दायर कर शहर के नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की थी। इस पर कोर्ट ने त्वरित सुनवाई कर राज्य सरकार से जवाब मांगा है। भोपाल में भी अलर्ट, पानी की जांच करने पहुंची टीम इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से मौतों को लेकर भोपाल नगर निगम भी अलर्ट हो गया है। महापौर मालती राय ने नगर निगम के सब इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और सुपरवाइजर को निरीक्षण करने को कहा है। वहीं, अधीक्षण यंत्री और कार्यपालन यंत्री को नजर रखने के निर्देश दिए हैं। पीने की पाइप लाइन जांचने के लिए बुधवार को नगर निगम की टीम अवधपुरी पहुंची। कुछ घरों से पानी के सैंपल भी लिए।

Comments


Popular posts from this blog

तिलस्वा महादेव का दान पात्र खोला , 48हजार 229 रुपए निकले

गैस की किल्लत, ₹900 वाला सिलेंडर ₹1800 में मिल रहा:कॉमर्शियल के ₹4 हजार वसूले जा रहे; इंडक्शन की डिमांड 50% बढ़ी