NEET पेपर लीक केस- 9वीं गिरफ्तारी, पुणे की लेक्चरर गिरफ्तार:NTA ने एक्सपर्ट तैनात किया था, छात्रों को बॉटनी-जूलॉजी के कई सवाल बताए
नीट-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने शनिवार को पुणे की बायोलॉजी लेक्चरर मनीषा गुरुनाथ मांढरे को गिरफ्तार किया है। मांढरे को दिल्ली में CBI हेडक्वार्टर में पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। एजेंसी का दावा है कि मनिषा मांढरे NEET परीक्षा के लिए NTA के एक्सपर्ट पैनल का हिस्सा थी। अधिकारियों के अनुसार, मांढरे के पास बॉटनी और जूलॉजी के सवालों तक पूरी पहुंच थी। उसने एग्जाम से पहले अपने पुणे स्थित घर पर स्पेशल कोचिंग क्लास चलाई। वहां बॉटनी और जूलॉजी के कई सवाल छात्रों को बताए, नोटबुक में लिखवाए और किताबों में मार्क करवाए। आरोप है कि मांढरे ने अप्रैल 2026 में पुणे की ही रहने वाली मनिषा वाघमारे के जरिए NEET अभ्यर्थियों को जुटाया था। लीक पेपर देने के बदले छात्रों से लाखों रुपए लिए। मनिषा वाघमारे को CBI 14 मई को गिरफ्तार कर चुकी है। मांढरे की गिरफ्तारी पेपर लीक के मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी से पूछताछ के आधार पर हुई है। मनीषा मांढरे के सवाल असली परीक्षा से मैच हुए CBI का कहना है कि मनीषा मांढरे के कोचिंग क्लास में बताए गए अधिकांश सवाल 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा के प्रश्नपत्र से पूरी तरह मेल खाते थे। पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी। CBI ने शुक्रवार को लातूर के केमिस्ट्री एक्सपर्ट प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया था। कुलकर्णी कई सालों तक NEET पेपर सेटिंग से जुड़े पैनल का हिस्सा रहे थे। एजेंसी के मुताबिक उन्होंने अप्रैल के आखिरी हफ्ते में अपने घर पर स्पेशल क्लास लेकर छात्रों को वे सवाल, ऑप्शन और जवाब बताए थे, जो बाद में एग्जाम में आए। अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार CBI ने अब तक इस मामले में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 5 आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं, गुरुवार को गिरफ्तार दो अन्य आरोपियों को पुणे कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया है। उन्हें दिल्ली की अदालत में पेश किया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में CBI ने देशभर में 6 स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई में कई अहम दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। एजेंसी अब इनकी फोरेंसिक और डिजिटल जांच कर रही है। 3 मई को हुई NEET-UG परीक्षा, 12 मई को रद्द NEET-UG परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित हुई थी। इसमें करीब 23 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। NTA के अनुसार 7 मई की शाम परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना मिली थी। इसके बाद मामला केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा गया। 12 मई को परीक्षा रद्द की गई और रीएग्जाम का फैसला लिया गया।
एकदूसरे के संपर्क में कैसे आए आरोपी… 1. पीवी कुलकर्णी (केमिस्ट्री प्रोफेसर) और मनीषा मांधरे (बॉटनी टीचर) : NTA से सीधे संपर्क में थे। कोचिंग में बच्चों को सवाल बताए। 2. मनीषा वाघमारे : दोनों टीचर्स के संपर्क में आई। इसने दोनों से पेपर लिया और कोचिंग में बच्चों को सवाल बताने लगी। नोट्स भी बनवाए। मनीषा वाघमारे भी पुणे की रहने वाली है। 3. धनंजय लोखंडे: मनीषा वाघमारे से जान-पहचान थी। इसने मनीषा वाघमारे से NEET पेपर का मटीरियल लिया। 4. शुभम खैरनार : धनंजय लोखंडे ने शुभम खैरनार को सवाल भेजे। शुभम ने टेलीग्राम के जरिए 29 अप्रैल 2026 को सवालों की PDF बनाई। 5. यश यादव: शुभम ने गुरुग्राम के यश यादव को PDF भेजी। बदले में 15 लाख रुपए लिए। दोनों के बीच WhatsApp चैट भी मिली है। PDF में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बॉयोलॉजी के सवाल थे। 6. मांगीलाल बीवाल, विकास बीवाल और दिनेश बीवाल : यश यादव ने तीनों आरोपियों को पेपर दिए और डील की। प्लान था कि पेपर आगे बेचकर ज्यादा पैसे कमाए जाएं। NSUI का NTA ऑफिस-शिक्षा मंत्री के घर के बाहर हंगामा NEET पेपर लीक के विरोध में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के सदस्यों ने शनिवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के ऑफिस बाहर विरोध प्रदर्शन किया। वे NTA पर बैन लगाने की मांग कर रहे थे। हाथों में पोस्टर, बैनर और पार्टी के झंडे लिए IYC कार्यकर्ताओं ने तीन मूर्ति सर्कल से शिक्षा मंत्री के आवास की ओर विरोध मार्च निकाला, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। NSUI के कार्यकर्ता चेन-ताला लेकर पहुंचे थे। इन लोगों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के घर के बाहर भी हंगामा किया। नकली नोट उड़ाए। पुलिस ने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष को हिरासत में ले लिया है। इधर, यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (UDF) ने NEET-UG 2026 पेपर लीक, एग्जाम कैंसिल होने के मामले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को भंग करने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। सुप्रीम कोर्ट से NTA की जगह नई संस्था बनाने की मांग एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड रितु रेनीवाल और एडवोकेट महेंद्र कुमावत ने याचिका दायर की है। इसमें एक रिट जारी करते हुए केंद्र सरकार को निर्देश देने की मांग की गई है कि वह NTA को भंग कर दे। उसकी जगह संसद द्वारा पारित कानून के माध्यम से नेशनल टेस्टिंग बॉडी बनाई जाए। याचिका में एक ऐसी समिति गठित करने की भी मांग की गई है, जिसकी निगरानी अदालत करे। इस समिति का काम नेशनल लेवल की परीक्षाएं ऑर्गनाइज करने की प्रक्रिया की देखरेख करना और यह सुनिश्चित करना होगा कि परीक्षाओं का कोई पेपर न हो। टेलीग्राम ग्रुप पर शेयर हुआ था लीक पेपर CBI की जांच में यह भी सामने आया है कि NEET 2026 का पेपर 1 मई को ही लीक कर दिया गया था। इसे प्राइवेट माफिया नाम के टेलीग्राम ग्रुप पर डाला गया था। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। हालांकि दैनिक भास्कर ये दावा नहीं करता है कि ग्रुप में डाला गया पेपर NEET का लीक हुआ पेपर ही है। टेलीग्राम ग्रुप पर 1 मई की रात करीब 11:30 बजे डाले गए पेपर की PDF फाइल ओपन करने पर 12 नंबर का सेट दिखता है। इसकी पड़ताल करने के लिए हमने NEET के सेट नंबर-12 का पेपर निकाला। लीक पेपर और NEET के पेपर में एक जैसे सवाल NEET के पेपर में सवाल नंबर 5 में एक बॉल के वर्टिकली ऊपर जाने और उसके बैक आने को लेकर वेलोसिटी और टाइम बताने के लिए फिगर बनाया गया है। ये सवाल लीक पेपर और असली पेपर में 100% मैच कर रहा है। इस पेज के दूसरे सवाल भी पूरी तरह से मैच कर रहे हैं। नंबर-23 और 24 भी वही हैं, जो प्राइवेट माफिया के पेपर में है। यहां तक कि सवाल नंबर भी वही है। सवाल नंबर-23 में लिखा है कि मोनोक्रोमेटिक लाइट की किरण एक प्रिज्म ABC से गुजर रही है। इस सवाल के साथ प्रिज्म की फोटो बनी है। लीक पेपर और असली पेपर में वही फोटो है। यहां तक कि सवाल के चारों ऑप्शन भी एक ही हैं। यानी ऑप्शन नंबर 1 में 40 डिग्री, ऑप्शन 2 में 45 डिग्री, ऑप्शन 3 में 55 डिग्री और ऑप्शन 4 में 35 डिग्री लिखा है। यही चारों ऑप्शन लीक हुए पेपर में भी हैं। इसके बाद सवाल नबर-24 में जो सर्किट बनाया गया है, वही लीक पेपर और असली पेपर में भी है। 402 मेंबर का ग्रुप, पासवर्ड से लॉक प्राइवेट माफिया नाम के टेलीग्राम ग्रुप में कुल 402 मेंबर हैं। इसे 2024 में ही पेपर लीक के लिए बनाया गया था। 1 मई को पेपर अपलोड करने से पहले एडमिन प्राइवेट माफिया ने मैसेज में लिखा था कि हम जल्द ही फुल पेपर अपलोड कर रहे हैं। उसका पासवर्ड है LeakMafia@9466 है। इस मैसेज के कुछ देर बाद ही रात में करीब 11:38 बजे लीक पेपर ग्रुप में डाल दिया गया। इसके बाद दूसरा मैसेज लिखा गया- जो पेपर हमने भेजा है। उसे सॉल्व कर लो। 99.99 प्रतिशत चांस है कि यही पेपर में आएगा। ------------------ ये खबर भी पढ़ें… NEET अगले साल से ऑनलाइन होगी: इस साल रद्द हुई परीक्षा 21 जून को, यह पेपर-पेंसिल से होगी अगले सत्र से NEET-UG परीक्षा ऑनलाइन होगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया। उन्होंने माना कि 3 मई को हुई NEET-UG-2026 की परीक्षा के पेपर लीक हुए थे। शिक्षा मंत्री ने कहा, ‘रीएग्जाम में छात्रों को 15 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम मिलेगा। छात्र रीएग्जाम में अपनी पसंद का सेंटर चुन पाएंगे।’ पढ़ें पूरी खबर…
Comments
Post a Comment